पटना, 14 अक्टूबर (पटना डेस्क) औरंगाबाद जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए मंगलवार की रात पुलिस ने बड़े पैमाने पर सघन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन जांच, तलाशी और छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 45 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें से 18 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में हत्या के 2, हत्या के प्रयास के 5, शराबबंदी कानून के 11 तथा अन्य मामलों में शामिल 27 लोग हैं।

अभियान के दौरान पुलिस ने 238 लीटर देशी शराब और 115 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके अलावा 7 मोटरसाइकिल, एक कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ पुलिस ने सड़कों पर भी व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 1,290 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 55,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।पुलिस की साइबर टीम ने भी अभियान में अहम सफलता हासिल की। साइबर अपराध से जुड़े मामलों में 29,950 रुपये की रिकवरी की गई। वहीं, लंबे समय से लंबित 14 वारंटों का तामिला कर फरार आरोपियों पर कार्रवाई का रास्ता साफ किया गया।

एसपी उपेंद्र कुमार वर्मा ने अभियान की सफलता पर संतोष जताते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस की विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

















