बक्सर, 8 अक्टूबर (विक्रांत) जिले में आधारभूत संरचना की बड़ी परियोजनाओं को गति देने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में भारत सरकार के Project Monitoring Group (PMG) के पदाधिकारियों श्री श्वेतांक सिन्हा और श्री अनुराग त्रिपाठी के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में जिले से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य फोकस प्रस्तावित बक्सर–भागलपुर 6-लेन एक्सप्रेसवे रहा।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर अधिकारियों ने कार्यान्वयन की संभावित बाधाओं, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा आवश्यक प्रक्रियाओं पर विचार-विमर्श किया। परियोजना से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और काम को जमीन पर गति देने के लिए आवश्यक कदमों पर भी चर्चा हुई।इसके साथ ही निर्माणाधीन 3-लेन गंगा पुल की प्रगति की भी गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पुल निर्माण की वर्तमान स्थिति, अब तक हुए कार्य और निर्धारित समय-सीमा में परियोजना को पूरा कराने के लिए आवश्यक उपायों पर मंथन किया।

बैठक में निर्माण कार्य की गति बनाए रखने और किसी भी संभावित अड़चन का समय रहते समाधान करने पर जोर दिया गया।जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश देते हुए महत्वपूर्ण परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर बल दिया। उन्होंने लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समय पर जिले के लोगों तक पहुंच सके।

बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एक्सप्रेसवे और गंगा पुल जैसी परियोजनाओं की समीक्षा से बक्सर में बड़े स्तर पर सड़क और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ने के संकेत मिले हैं।













