समस्तीपुर, 06 अक्टूबर (मोहम्मद जमशेद) विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान (SIR) के विरोध में मंगलवार को भाकपा माले प्रखंड कमिटी के नेतृत्व में शाहपुर बघौनी से जोरदार प्रतिरोध मार्च निकाला गया। झंडे-बैनर के साथ निकला मार्च विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मदरसा चौक पहुंचा, जहां सभा आयोजित कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।सभा की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड कमिटी सदस्य सह इनौस जिला अध्यक्ष आसिफ होदा ने की, जबकि संचालन मो. शाद तौहीदी ने किया। सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने SIR अभियान पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के कारण देशभर में करीब 13 करोड़ और बिहार में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों के नाम सूची से हटना लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची से हटाए गए योग्य मतदाताओं की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और सभी पात्र नागरिकों के नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल किए जाने चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की। सभा में निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा को लेकर आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संयुक्त पुतला दहन किया।

इस दौरान प्रभात रंजन गुप्ता, मो. रहमान, मो. नासीर, मो. तनवीर, मो. मुखलिस तौहीदी, मो. बसाम, मो. सुलेमान, मो. सोनू, फरहादूल होदा, मो. राजू, मो. आदिल, मो. जहांगीर और सदरुल होदा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।सभा में प्रस्ताव पारित कर 7 अक्टूबर को ताजपुर अस्पताल चौक से प्रखंड चौक तक तथा 8 अक्टूबर को समस्तीपुर जिला मुख्यालय में प्रस्तावित विरोध मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील की गई।














