
बक्सर, 06 अक्टूबर (विक्रांत) सरकारी योजनाओं का लाभ अब ग्रामीणों तक स्थानीय स्तर पर पहुंचाने की कवायद तेज हो गई है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार, 6 अक्टूबर को जिले के विभिन्न प्रखंडों में वरीय पदाधिकारियों ने पंचायतों में आयोजित सेवा सेतु सह सहयोग शिविर का अनुश्रवण किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और लाभुकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं, जरूरतें और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।शिविर का मुख्य उद्देश्य पंचायत क्षेत्र के आम नागरिकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।

विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी शिविर में मौजूद रहे और लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी बताया। ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि समेत कई विभागों से जुड़ी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों ने पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई और उन्हें आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराई। शिविर में ग्रामीणों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। वरीय पदाधिकारियों ने लोगों की बात सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं।

इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं तक पहुंच आसान होती है।शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी रही। लोगों ने पंचायत स्तर पर सरकारी सेवाओं की जानकारी और सहयोग मिलने पर इसे उपयोगी पहल बताया। प्रशासन का उद्देश्य ऐसे शिविरों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र लोगों को समय पर लाभ दिलाना है। आगे भी इस तरह के शिविरों के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान पर जोर दिया जाएगा।














