समस्तीपुर, 05 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क”) आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर समस्तीपुर समाहरणालय में सोमवार को जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन सीधे जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। जन संवाद में जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से मामलों की जानकारी लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों के अलावा दाखिल-खारिज, परिमार्जन, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, बिजली, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत कई विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आई। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की गंभीरता से समीक्षा कर निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने दो टूक कहा कि जन शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला या प्रखंड स्तर पर संभव है, उनका शीघ्र निष्पादन किया जाए। वहीं, जिन शिकायतों में स्थल जांच, विभागीय समन्वय या अन्य प्रक्रिया आवश्यक है, उन्हें भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने शिकायतों के निष्पादन की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण करने को कहा। कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित आवेदक को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा साक्षी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।














