बक्सर, 05 अक्टूबर (विक्रांत) आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बक्सर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की मौजूदगी में सोमवार को विधि-व्यवस्था और पर्व-त्योहारों की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों को थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों और गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया। पूजा पंडालों में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, पर्याप्त प्रवेश-निकास, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया।

जुलूस और शोभायात्रा के लिए निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन तथा आवश्यक अनुमति सुनिश्चित करने को कहा गया। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित मानकों और समय-सीमा में ही कराने का निर्देश दिया गया। वहीं अश्लील, अभद्र या आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण पर पूर्ण रोक रहेगी। मूर्ति विसर्जन के निर्धारित स्थलों और मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, रोशनी और अन्य जरूरी इंतजाम समय से पूरा कराने को कहा गया। संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी, नियमित गश्त और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती का निर्देश दिया गया। जरूरत के अनुसार फ्लैग मार्च भी कराया जाएगा।

प्रमुख पूजा स्थलों, पंडालों, जुलूस मार्गों और संवेदनशील इलाकों में CCTV कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने को कहा गया। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ व्यवस्था सक्रिय रखने तथा आवश्यकता के अनुसार महिला पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया। सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पर लगातार निगरानी रखते हुए तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया। डीएम और एसपी ने अधिकारियों को सतर्कता व समन्वय के साथ काम करने को कहा। साथ ही लोगों से भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की।














