समस्तीपुर, 05 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क”) खानपुर थाना क्षेत्र में शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में खानपुर पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष शिवपूजन कुमार ने पुलिस बल के साथ गुप्त सूचना के आधार पर मसीना गांव में छापेमारी कर शराब तस्करी के मामले में वर्षों से फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त संजय पासी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संजय पासी, मसीना गांव निवासी रामदेव पासी का पुत्र है। उसके खिलाफ खानपुर थाना कांड संख्या 127/2026 में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज है।

शराब कारोबार के आरोप में मामला दर्ज होने के बाद से वह पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था।थानाध्यक्ष शिवपूजन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर पर पहुंचा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मसीना गांव में दबिश दी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे पुलिस पदाधिकारी एवं चौकीदार की अभिरक्षा में सरकारी वाहन से न्यायालय में उपस्थापन के लिए समस्तीपुर भेज दिया गया।स्थानीय लोगों के अनुसार खानपुर क्षेत्र में लंबे समय से देसी और विदेशी शराब के अवैध कारोबार की शिकायतें सामने आती रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है। बताया जाता है कि आरोपी पर शराब तस्करी के जरिए संपत्ति अर्जित करने के भी आरोप हैं। पुलिस अब उसके शराब कारोबार से जुड़े अन्य संपर्कों और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।

















