पटना, 04 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर शराब की खेप खपाने के लिए रोज नए तरीके अपना रहे हैं। गोपालगंज में शराब तस्करी का ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कुचायकोट थाना क्षेत्र के पहाड़पुर में उत्पाद पुलिस ने एक बोलेरो से 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। वाहन में पांच महिलाएं और एक पुरुष चालक सवार थे। पुलिस ने सभी छह लोगों को गिरफ्तार कर बोलेरो जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, उत्पाद पुलिस की टीम ने पहाड़पुर ओवरब्रिज के पास जांच के दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोका। वाहन में पांच महिलाएं और एक पुरुष चालक मौजूद थे। पहली नजर में पुलिस को कुछ भी असामान्य नहीं लगा।

इसके बावजूद जांच के दौरान जब बोलेरो का वजन कराया गया तो वह सामान्य से अधिक निकला। इससे पुलिस का शक गहरा गया और वाहन की गहन तलाशी शुरू की गई।तलाशी के दौरान बोलेरो के अंदर छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार के मुताबिक, वाहन से कुल 216 लीटर विदेशी शराब मिली है। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो को भी जब्त कर लिया गया है। मामले में पांच महिला तस्करों और एक पुरुष चालक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र स्थित दुखहरण टोला के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस ने पूछताछ और कागजी कार्रवाई के बाद सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अब पुलिस शराब की इस बड़ी खेप के स्रोत और इसके गंतव्य का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। उत्पाद विभाग की कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
















