वैशाली, 01 अक्टूबर (अविनाश कुमार) पैसे की मांग से जुड़ी शिकायत ने वैशाली पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। शिकायत की जांच के बाद महुआ थाना में पदस्थापित अपर थानाध्यक्ष समेत दो पुलिस पदाधिकारियों पर गाज गिरी है। एसएसपी शुभांक मिश्रा ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पदाधिकारियों में पुलिस अवर निरीक्षक सोनू कुमार गुप्ता और प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक दीनबंधु कुमार शामिल हैं।पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोनू कुमार गुप्ता महुआ थाना में अपर थानाध्यक्ष के पद पर तैनात थे, जबकि दीनबंधु कुमार प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक के रूप में कार्यरत थे। दोनों के खिलाफ 27 सितंबर को महुआ थाना क्षेत्र से पैसे की मांग किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

शिकायत सामने आने के बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महुआ को जांच का निर्देश दिया।एसडीपीओ महुआ ने मामले की जांच कर अपना प्रतिवेदन वरीय अधिकारियों को सौंपा। पुलिस के अनुसार, जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया दोनों पदाधिकारियों के कर्तव्य निर्वहन के दौरान संदिग्ध आचरण और अनुशासनहीनता सामने आने की बात कही गई। इसके बाद एसएसपी ने दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।निलंबन अवधि के दौरान सोनू कुमार गुप्ता और दीनबंधु कुमार का मुख्यालय पुलिस केंद्र, हाजीपुर निर्धारित किया गया है। दोनों के विरुद्ध विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई पूरी की जाएगी।एसएसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के खिलाफ मिलने वाली शिकायतों की जांच कर प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में भी जांच प्रतिवेदन के आधार पर दोनों पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है।
















