पटना, 25 सितम्बर (पटना डेस्क) अररिया के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत फुलकाहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर वार्ड संख्या 13 में शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे बलुआही धार पार करने के दौरान दो महिलाओं की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, करीब आधे दर्जन महिलाएं खेत में घास काटने के लिए बलुआही धार पार कर रही थीं। धार में पानी अधिक होने के कारण दो महिलाएं अचानक गहरे पानी में डूब गई। साथ चल रही महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला।

ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों महिलाओं को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अमरोली वार्ड संख्या 13 निवासी 30 वर्षीय अर्चना देवी, पत्नी कुंदन यादव, तथा इसी वार्ड की 35 वर्षीय अड़हुल देवी, पत्नी अरुण यादव, के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलने पर फुलकाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच की। पुलिस आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुटी है।

ग्रामीणों ने बताया कि यहां हर वर्ष चचरी पुल बनाया जाता था, लेकिन इस बार समय के अभाव में पुल नहीं बन सका। ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण की मांग सांसद और विधायक से कई बार की गई, लेकिन अब तक ध्यान नहीं दिया गया। उनका दावा है कि पुल होता तो हादसा टल सकता था।














