बक्सर, 09 अगस्त (विक्रांत) डुमरांव की धरती पर आयोजित **मां डुमरेजीन स्टेट लेवल कबड्डी प्रतियोगिता खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गई। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से आई 32 पुरुष एवं महिला टीमों ने रोमांचक मुकाबलों में दमखम दिखाया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने प्रतियोगिता को खेल महोत्सव का स्वरूप दे दिया।प्रतियोगिता का शुभारंभ स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद केसरी स्मृति संस्थान के अखिलेश केसरी ने नारियल फोड़कर एवं बजरंगबली की पूजा-अर्चना के साथ किया।

इसके बाद मुख्य अतिथि डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह और अखिलेश केसरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों और दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक राहुल कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सीपीएसएस स्कूल के प्रधानाध्यापक डॉ. अशफाक को सम्मानित किया। साथ ही स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद केसरी स्मृति संस्थान के अखिलेश केसरी, आर्यभट्ट कंप्यूटर के अजय कुमार, सनराइज स्कूल के निदेशक, आवासीय बाल प्रतियोगिता निकेतन के निदेशक तथा धोनी स्पोर्ट्स सहित आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रायोजकों को भी सम्मानित किया गया।

महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में बनारस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि झारखंड की टीम उपविजेता रही। वहीं पुरुष वर्ग में कैमूर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। एकलव्य राज प्रशिक्षण केंद्र, बक्सर की टीम उपविजेता रही। विजेता और उपविजेता टीमों को प्रथम महिला अध्यक्ष, डुमरांव नगर परिषद श्रीमती मीरा देवी ने मेडल, ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में खेल विभाग के अधिकारी, डुमरांव थाना अध्यक्ष संजय सिन्हा, एकलव्य कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र बक्सर के कोच, सीपीएसएस स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, धीरज केसरी, अंकित केसरी, प्रशांत ठाकुर, भगवान जी वर्मा, प्रीति कुमारी, मो. इसराफिल नदाफ सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों की भारी भीड़ ने साबित कर दिया कि डुमरांव में कबड्डी के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।


















