पटना, 05 जुलाई (अविनाश कुमार) बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने दरभंगा, मधुबनी और वैशाली के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को अगले दो से तीन घंटे बेहद सतर्क रहने की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में मध्यम बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है। वहीं रविवार अहले सुबह पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्णिया, पटना, भोजपुर, सारण और वैशाली में भी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राज्य में मानसूनी गतिविधियां अभी पूरी तरह सक्रिय हैं, जिससे अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। राजधानी पटना में सुबह बूंदाबांदी हुई, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को खास राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने किसानों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखने तथा वज्रपात के दौरान पेड़ों, खुले मैदानों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। उधर, पिछले 24 घंटे के तापमान के आंकड़ों ने भी गर्मी के तेवर बरकरार रहने का संकेत दिया है।

राज्य में सबसे अधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान कैमूर के भभुआ में दर्ज किया गया। पटना में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री, बक्सर में 38.0, मोतिहारी में 38.5, औरंगाबाद में 38.3, रोहतास में 38.1 तथा अररिया में 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकांश जिलों में तापमान 0.5 से 2.8 डिग्री तक बढ़ा है, जिससे बारिश के बावजूद उमस और गर्मी लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई है।
















