समस्तीपुर, 24 मई (मोहम्मद जमशेद) शहर कांग्रेस कमेटी की अहम बैठक शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई, जहां संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को तेज करने पर जोरदार मंथन हुआ। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्रीमती अनिता राम ने की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस से जोड़ने का संकल्प लिया।बैठक में गत बैठक की संपुष्टि के साथ संगठन सृजन साथी सह सदस्यता अभियान को गति देने का प्रस्ताव पारित किया गया।

जिला अध्यक्ष अनिता राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय, समान विचारधारा और जनहित की राजनीति करने वाली पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं और जनता के बीच पार्टी एक मजबूत विकल्प बनकर उभर रही है।बैठक में विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नेताओं से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार बैठक कर सदस्यता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाएं। जिला प्रभारी नदीम अंसारी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संगठन सृजन साथी बनाएं और राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खड़गे की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य आम लोगों की आवाज को मजबूती देना है। बैठक में जूही प्रीतम, भूपनेश्वर राम, डोमन राय, फिरोज अंसारी, शिवराम ठाकुर, आशुतोष कुमार, अब्दुल मल्लिक, परमानंद मिश्रा, रामनारायण शर्मा, शंभू प्रसाद, नवल किशोर शर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि आने वाले दिनों में सदस्यता अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

















