बेतिया, 05 मई (विनय कुमार गुप्ता) पश्चिम चंपारण के चनपटिया और मझौलिया प्रखंड के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सात निश्चय-3 योजना के तहत डिग्री कॉलेज स्थापना की सूची में संशोधन करते हुए अब इन दोनों क्षेत्रों को भी शामिल कर लिया गया है। पहले जारी सूची में इनका नाम नहीं होने से स्थानीय स्तर पर नाराजगी थी, लेकिन अब सरकार के इस फैसले ने छात्रों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के पीछे स्थानीय विधायक अभिषेक रंजन की सक्रिय पहल को अहम माना जा रहा है। उन्होंने 24 अप्रैल को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया था।

इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष भी यह मुद्दा रखा गया, जिसके बाद सरकार ने संज्ञान लेते हुए दोनों प्रखंडों में कॉलेज खोलने की मंजूरी दे दी।प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, स्थायी भवन बनने तक पढ़ाई अस्थायी भवनों में शुरू की जाएगी। आगामी 1 जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कर दी जाएगी। चनपटिया में राजकीय +2 उच्च विद्यालय, कुमारबाग और मझौलिया में राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सेनुअरिया के भवनों में कक्षाएं संचालित होंगी। विधायक ने बताया कि चनपटिया नगर और मझौलिया के तिरवा क्षेत्र में कॉलेज के स्थायी भवन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

इसके बाद आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके। इस फैसले से इलाके के छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उच्च शिक्षा के लिए दूर शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को इसका सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा। सरकार के इस कदम को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव माना जा रहा है, जो आने वाले समय में पूरे इलाके की तस्वीर बदल सकता है।

















