समस्तीपुर, 04 अगस्त (हर्षिता “अश्क”) बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की पहल पर समस्तीपुर जिले के रूपौली पंचायत स्थित गोहदा में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय की स्थापना के लिए भूमि को स्वीकृति मिल गई है। इस फैसले को क्षेत्र में अल्पसंख्यक समुदाय की शिक्षा, सामाजिक सशक्तिकरण और समग्र विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विद्यालय बनने से स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रस्तावित विद्यालय की भूमि का निरीक्षण बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष मौलाना उमर नूरानी के नेतृत्व में किया गया।

निरीक्षण दल में समस्तीपुर के जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रजनीश कुमार, बिहार मदरसा बोर्ड के सदस्य मौलाना इज़हार, आता उर रहमान, अनस रिजवान और दानिश इकबाल भी शामिल रहे। अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने स्थल का विस्तृत जायजा लेकर निर्माण से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं और संभावनाओं का आकलन किया।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए यह संस्थान भविष्य संवारने का मजबूत माध्यम साबित होगा। लोगों का मानना है कि इससे शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी और क्षेत्र का शैक्षणिक वातावरण भी मजबूत होगा।

उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को अल्पसंख्यक समुदाय के विकास और कल्याण के प्रति संवेदनशील नेता माना जाता है। उनके प्रयासों से पहले भी क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, बीआरसी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, जलमीनार और सामुदायिक भवन जैसी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं साकार हो चुकी हैं। अब अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय की स्वीकृति को समस्तीपुर के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में शिक्षा और सामाजिक प्रगति को नई गति मिलने की उम्मीद है।


















