गोरखपुर, 05 अप्रैल (अंकित यादव) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सियासत गरमा गई, जब नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मीडिया के सवालों पर तीखा जवाब देते हुए कहा—“मेरे घर में बुलडोजर चलवाना चाहते हो क्या?” उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। शनिवार शाम भारतीय सर्व धर्म एकता समिति के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सिद्दीकी से जब मीडिया ने ओम प्रकाश राजभर द्वारा दिए गए ‘दगा कारतूस’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने संयमित लेकिन तीखा जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि राजभर को वे लंबे समय से जानते हैं और वे किसी के लिए कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन उनके अपने संस्कार इस तरह की भाषा की अनुमति नहीं देते। सिद्दीकी ने स्पष्ट किया कि वे भी जवाब देना जानते हैं, लेकिन व्यक्तिगत हमलों से बचना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सवाल सत्ता पक्ष से पूछे जाने चाहिए, क्योंकि इस समय राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, न कि समाजवादी पार्टी या बसपा की। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी मजबूत स्थिति में है और अगली सरकार बनाने जा रही है।

वहीं आज़म खान को लेकर उन्होंने कहा कि वे बड़े नेता हैं और उनका स्थान कोई नहीं ले सकता। अपने अतीत पर बोलते हुए सिद्दीकी ने कहा कि अब वे पूरी तरह समाजवादी विचारधारा के साथ हैं और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने बताया कि ईद और होली मिलन जैसे कार्यक्रमों के जरिए सामाजिक एकता को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो अब तक 50 से अधिक स्थानों पर आयोजित किए जा चुके हैं। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज होने के संकेत मिल रहे है।

















