बक्सर, 29 नवंबर (विक्रांत) संविधान दिवस के अवसर पर उठाई गई जनसमस्याओं पर अनुमंडल प्रशासन ने त्वरित पहल की है। डॉ. आंबेडकर राष्ट्रीय एकता मंच (DAREM) और बुद्धा भूमि फाउंडेशन की ओर से 26 नवंबर को सौंपे गए विस्तृत मांग-पत्र पर संज्ञान लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) ने जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। इस कार्रवाई से लंबे समय से बदहाल सड़कों पर आवागमन करने वाले लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई वार्ता में एसडीएम ने जनहित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुना।

इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 152 के तहत अपनी वैधानिक शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़कों की अविलंब मरम्मत कराने का आदेश दिया। प्रशासन ने गड्ढामुक्त अभियान के तहत तीन प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता में रखा है। इनमें एनएच-120 एवं डुमरांव मुख्य बाजार संपर्क मार्ग, रेलवे स्टेशन से कुरानसराय होते हुए पुराने गुल ट्रेनिंग स्कूल तक जाने वाली सड़क तथा सासाराम रोड शामिल हैं। इन मार्गों की बदहाली के कारण आम राहगीरों, स्कूली बच्चों और मरीजों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए शीघ्र सुधार की जरूरत बताई गई है। वहीं, डुमरांव नगर परिषद और प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से वंचित गरीब परिवारों का मामला भी प्रतिनिधिमंडल ने उठाया।

प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड और मुख्यमंत्री निश्चय योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायतों पर एसडीएम ने सकारात्मक रुख दिखाया। संगठन की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया। इस त्वरित पहल पर मंच के बिहार प्रदेश सचिव एवं बुद्धा भूमि फाउंडेशन के राष्ट्रीय मुख्य सलाहकार सुशील एसके प्रसाद ने अनुमंडल प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत सुरक्षित सड़क और सम्मानजनक जीवन का अधिकार प्रत्येक नागरिक को प्राप्त है। प्रशासन की पहल से अब लोगों को बदहाल सड़कों से निजात मिलने की उम्मीद है।














