समस्तीपुर, 28 नवम्बर (हर्षिता “अश्क”) पटेल मैदान में चल रही राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय विद्यालय अंडर-14 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को खिलाड़ियों ने रोमांचक मुकाबलों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पहले मैच में मगध प्रमंडल ने आखिरी गेंद पर एक रन बनाकर मुंगेर को एक विकेट से शिकस्त दी। वहीं दूसरे मुकाबले में पटना प्रमंडल ने मेजबान दरभंगा को 29 रनों से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर खिताब की दावेदारी मजबूत की।

खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में मुंगेर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 99 रन बनाए। राजगीर भारती ने 33, फैज आलम ने 17 और यशराज ने 10 रन बनाए। जवाब में मगध की टीम ने प्रशांत के 32 और अंतरिक्ष राज के 18 रनों की बदौलत संघर्ष जारी रखा। आखिरी गेंद पर जीत के लिए एक रन की जरूरत थी। मगध ने विकेट गंवाकर भी लक्ष्य हासिल कर लिया और नौ विकेट पर 100 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।दूसरे मैच में पटना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 133 रन बनाए।

यशराज ने 51 और कुमार रोचक ने 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। जवाब में दरभंगा की टीम 13.1 ओवर में 104 रनों पर सिमट गई। अवनीश कुमार ने 12 रन देकर चार विकेट झटके।जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार को पहले सेमीफाइनल में सारण और मगध तथा दूसरे में पटना और तिरहुत के बीच मुकाबला होगा। रविवार को फाइनल खेला जाएगा।














