बक्सर, 27 नवंबर (विक्रांत) बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ अब बेटियां भी खुलकर आवाज बुलंद करने लगी हैं। इसे जड़ से समाप्त करने के संकल्प के साथ शुक्रवार को अनुमंडल के एकमात्र महिला कॉलेज सुमित्रा महिला कॉलेज के परिसर में जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने इस सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

संगोष्ठी की अध्यक्षता डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने की, जबकि अवर निरीक्षक अर्चना कुमारी बतौर अतिथि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाल विवाह को समाज के विकास में बड़ी बाधा बताते हुए इसके दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल बच्चों के बचपन और शिक्षा को ही नहीं छीनता, बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर भी प्रतिकूल असर डालता है। यह कुप्रथा समाज के लिए किसी कोढ़ से कम नहीं है।संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. संजय कुमार, डॉ. शैलेन्द्र कुमार, डॉ. शंभूनाथ सिंह और डॉ. प्रमोद सिंह ने कहा कि बाल विवाह को रोकने के लिए सरकार ने सख्त कानूनी प्रावधान किए हैं।
निर्धारित उम्र से पहले लड़के या लड़की की शादी करना दंडनीय अपराध है। वक्ताओं ने छात्राओं से अपनी शिक्षा को प्राथमिकता देने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर उनके विरोध में आवाज उठाने की अपील की।उन्होंने कहा कि केवल कानून बनाने से बाल विवाह जैसी कुप्रथा समाप्त नहीं होगी, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। खासकर युवाओं और छात्राओं की भागीदारी इस अभियान को मजबूत बना सकती है।

कार्यक्रम के समापन पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने उपस्थित छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षिकाओं को बाल विवाह नहीं करने तथा इस सामाजिक कुरीति के खिलाफ आवाज बुलंद करने की सामूहिक शपथ दिलाई। संगोष्ठी में सामाजिक जागरूकता के जरिए बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया गया।














