बक्सर, 25 नवम्बर (विक्रांत) आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत 11 दिसंबर 2026 तक नए मतदाताओं का नाम जोड़ने और सूची में त्रुटियों को सुधारने का अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को डुमरांव अनुमंडल सभागार में पटना प्रमंडल के आयुक्त-सह-निर्वाचक सूची प्रेक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें बक्सर जिले के निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में एक जनवरी 2027 की अहर्ता तिथि के आधार पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से बाहर नहीं रहना चाहिए। खासकर युवा, महिलाएं और कमजोर वर्ग के पात्र लोगों का नाम सूची में शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। उन्होंने मतदाता सूची में लिंगानुपात सुधारने के लिए भी ठोस पहल करने को कहा। आयुक्त ने निर्देश दिया कि दावा-आपत्ति की अवधि में बीएलओ घर-घर जाकर मृत, दोहरी प्रविष्टि वाले तथा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करें। जांच के बाद नियमानुसार अपात्र प्रविष्टियों को हटाने और त्रुटियों में सुधार की कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही जिले के सभी महाविद्यालयों और प्लस टू विद्यालयों में विशेष अभियान चलाकर युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्वीप गतिविधियों के जरिए जागरूकता बढ़ाने तथा जिला आइकॉन की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आम लोगों को ऑनलाइन आवेदन के लिए वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग के वोटर सर्विस पोर्टल की जानकारी देने पर भी बल दिया। प्राप्त आवेदनों का बीएलओ ऐप पर समय से डिजिटाइजेशन और निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने को कहा गया। बैठक में बीएलओ से भी उनके मतदान केंद्रों पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली गई। आयुक्त ने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त कर बीएलओ को सहयोग देने की अपील की, ताकि मतदाता सूची पारदर्शी और त्रुटिरहित बन सके।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अब तक की प्रगति पर संतोष जताया।आयुक्त ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाना है। उन्होंने अधिकारियों और राजनीतिक दलों से 11 दिसंबर तक अभियान को गंभीरता से पूरा कराने की अपील की। बैठक में डीएम, डीडीसी, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, दोनों अनुमंडलों के एसडीओ, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ उपस्थित रहे।














