बक्सर, 25 नवम्बर (विक्रांत) नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है। इस सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बुधवार, 25 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में डीके कॉलेज, डुमरांव में नशामुक्त बिहार अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ आम लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के शरीर को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार की खुशहाली, आर्थिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करता है।एनएसएस पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण ने अपने संबोधन में कहा कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करती है।
इससे बचाव के लिए युवाओं को जागरूक होना होगा। वहीं महाविद्यालय के सीनेट सदस्य डॉ. विनोद कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा, सकारात्मक सोच और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की सबसे बड़ी ताकत है।इस अवसर पर डॉ. पूनम कुमारी ने विद्यार्थियों को नशामुक्त बिहार बनाने की शपथ दिलाई।

एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में डॉ. उषा रानी, डॉ. अब्दुल कैस, डॉ. अवनीश कुमार सिंह, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. पूनम मौर्या, मनोज कुमार सिंह, अखिलेश, अर्चना सिंह, अजीत सिंह, संजय कुमार सिंह, विकास कुमार और आशीष कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा कि नशामुक्त समाज ही स्वस्थ बिहार और उज्ज्वल भविष्य की बुनियाद है।














