दरभंगा, 25 नवंबर (अजय राय) केवटी थाना क्षेत्र के मरने हरपुर मिल्की गांव में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सीआरपीएफ जवान पिंटू यादव की पत्नी रिंकू देवी (35) के रूप में हुई है। वह क्यामचक वार्ड संख्या-12 निवासी रामनारायण यादव की पुत्री थी। घटना की सूचना मिलने पर देर रात मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। वहां विवाहिता की मौत को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया और ससुराल वालों पर पीट-पीटकर तथा गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति पिंटू यादव और ससुर सुरेश यादव को हिरासत में ले लिया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के भाई मन्नु यादव ने कई गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को दिन में रिंकू के साथ मारपीट की गई और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बेला दुर्गा मंदिर के समीप स्थित एक होम्योपैथी क्लिनिक में भर्ती कराने की बात कही गई। इसी दौरान मायके वालों को घटना की जानकारी मिली।मन्नु यादव के अनुसार, रिंकू के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे, जबकि गले पर दबाव पड़ने से काला निशान बना हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में शादी होने के बाद से ही सीआरपीएफ जवान पति दहेज के लिए बहन को प्रताड़ित करता था। शादी में 25 लाख रुपये से अधिक का दहेज देने के बावजूद उसकी प्रताड़ना कम नहीं हुई।

मृतका के 11 वर्षीय पुत्र और आठ वर्षीय पुत्री हैं। दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। पुलिस को दिए आवेदन में पति पिंटू यादव, ससुर सुरेश यादव और सास रीता देवी को नामजद किया गया है। पति और ससुर हिरासत में हैं, जबकि सास फरार बताई जा रही है। परिजनों ने पति के कथित अवैध संबंध की आशंका भी जताई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिसिया जांच के बाद ही हो सकेगा।














