मुजफ्फरपुर, 25 नवंबर (संतोष गुप्ता) बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब के कारोबार में जुटे माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्पाद थाना परिसर में बुलडोजर चलाकर करीब 1.20 करोड़ रुपये मूल्य की जब्त शराब को नष्ट कर दिया गया। इस दौरान लगभग 12 हजार लीटर देसी और विदेशी शराब को जमीन में दफन कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से शराब के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। शराब विनष्टीकरण की यह कार्रवाई एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव की मौजूदगी में संपन्न हुई। जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 19 अलग-अलग मामलों में पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की थी। जब्ती के बाद संबंधित मामलों में कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

इसके बाद सक्षम प्राधिकार से शराब नष्ट करने का आदेश मिलने पर प्रशासन ने विनष्टीकरण की कार्रवाई शुरू की। उत्पाद थाना परिसर में शराब नष्ट करने के लिए पहले जेसीबी की मदद से गहरा गड्ढा तैयार कराया गया। इसके बाद जब्त शराब की बोतलों और कार्टन को वहां लाकर डाला गया। देखते ही देखते बुलडोजर ने बोतलों और कार्टन को कुचलकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस तरह करीब 12 हजार लीटर शराब को जमीन में दफन कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, नष्ट की गई शराब का बाजार मूल्य लगभग 1.20 करोड़ रुपये आंका गया है। शराब विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पूरी की गई। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कार्रवाई के प्रत्येक चरण की वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर इसका रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।

इस दौरान उत्पाद थानेदार राम प्रकाश राम सहित विभाग के अन्य अधिकारी और पुलिस बल के जवान मौजूद थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब की तस्करी, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस धंधे में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।













