मुजफ्फरपुर, 24 नवम्बर (संतोष गुप्ता) अहियापुर थाना क्षेत्र के झपसी टोला में मंगलवार की शाम गैस सिलेंडर में हुए जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। अचानक हुए विस्फोट से लोग दहशत में आ गए और पूरे मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को अपनी चपेट में लेने लगी। घनी आबादी के बीच आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठते धुएं के गुबार को देखकर लोगों में भय व्याप्त हो गया। आग के तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए मोहल्ले के लोग अपने-अपने घरों से गैस सिलेंडर और जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।हालात की गंभीरता को देखते हुए मोहल्ले के युवाओं और ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए खुद मोर्चा संभाल लिया। सैकड़ों लोग बाल्टी, पाइप, पानी और बालू लेकर आग बुझाने में जुट गए। घंटों तक चले सामूहिक प्रयास और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। ग्रामीणों की तत्परता और एकजुटता ने आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोकने में अहम भूमिका निभाई। इससे इलाके में बड़ी तबाही होने से बच गई।इधर, घटना के दौरान पुल के नीचे समा-चकेवा का विसर्जन कर रहे लोगों में भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। धमाके और शोर से घबराए लोग आनन-फानन में विसर्जन की प्रक्रिया पूरी कर वहां से भाग निकले।

आग की ऊंची लपटें देखकर अखाड़ाघाट पुल से गुजर रहे राहगीर भी रुककर घटना देखने लगे। इससे पुल और आसपास की सड़क पर जाम लग गया।इस बीच कुछ आक्रोशित लोगों ने सड़क के बीच लगे बैरियर को हटाकर सड़क पर खड़ा कर दिया, जिससे वाहनों का परिचालन बाधित हो गया। हालांकि बाद में राहगीरों ने बैरियर हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।














