लखीसराय, 25 नवंबर (नवीन सिंह) ग्रामीण इलाकों के गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेटियों की शादी अब बड़ी आर्थिक चुनौती नहीं बनेगी। शादी-ब्याह में होने वाले भारी खर्च से राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत जिले में पहल तेज कर दी गई है। पहले चरण में नौ पंचायतों में विवाह मंडप निर्माण की तैयारी पूरी कर ली गई है। इन सभी स्थानों का चयन कर प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है। अब प्रशासनिक स्वीकृति का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। योजना के तहत प्रत्येक पंचायत के राजस्व ग्राम में 13,200 वर्ग फीट जमीन पर विवाह मंडप बनाया जाएगा। एक मंडप के निर्माण पर 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां गरीब परिवारों को बेटियों की शादी के लिए कम खर्च में बेहतर और सम्मानजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी।

विवाह समारोह के अलावा सामाजिक, सांस्कृतिक और सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन में भी इन भवनों का इस्तेमाल किया जा सकेगा। हालांकि, इनके उपयोग में बेटियों की शादी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। बड़हिया प्रखंड की एजनीघाट पंचायत के निजामपुर, डुमरी पंचायत के डुमरी, गंगासराय पंचायत के गंगासराय और लक्ष्मीपुर पंचायत के लक्ष्मीपुर में स्थल चयन के साथ प्राक्कलन तैयार है। हलसी प्रखंड की धीरा और भनपुरा पंचायत, सूर्यगढ़ा प्रखंड की चंदनपुरा और चौरा राजपुर पंचायत तथा पिपरिया प्रखंड की वलीपुर पंचायत में भी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। जिले की 13 अन्य पंचायतों में भी जमीन चिह्नित कर ली गई है, लेकिन अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं मिलने से काम अटका है। इनमें चानन, बड़हिया, रामगढ़ चौक, लखीसराय और सूर्यगढ़ा प्रखंड की पंचायतें शामिल हैं।

कुछ स्थानों पर निर्धारित क्षेत्रफल से कम जमीन उपलब्ध होने के कारण एनओसी मिलने में परेशानी आ रही है। निर्माण के बाद मंडपों का संचालन जीविका के जिम्मे होगा। निर्धारित शुल्क लेकर जरूरतमंद परिवारों को सुविधा दी जाएगी। रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी भी जीविका की होगी। भवन में रसोईघर, पुरुषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय और स्नानघर सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं रहेंगी।जिला पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी ने बताया कि नौ पंचायतों में स्थल चयन और प्राक्कलन का काम पूरा हो चुका है। प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।













