पटना, 24 नवंबर (पटना डेस्क) बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। लखीसराय-जमुई मार्ग पर गुणसागर के समीप कार और कोयला लदे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं, दो पुरुषों और एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना क्षेत्र स्थित रामचंद्र ढाका गांव के निवासी थे। वे मोतिहारी से देवघर जा रहे थे। इसी दौरान गुणसागर के पास सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रक से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।मृतकों की पहचान राकेश गुप्ता (38), मीना देवी (50), पल्लवी देवी (28), बादल कुमार (10) और कार चालक जाफर आलम के रूप में हुई है। मृतकों में एक दस वर्षीय बच्चा भी शामिल है। हादसे में घायल चार लोगों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही तेतरहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस ने राहत और बचाव कार्य चलाया। दुर्घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार को बुलडोजर की मदद से घटनास्थल से हटाकर थाने पहुंचाया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है।लखीसराय के एसडीएम प्रभाकर कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है।













