पटना, 24 नंबर (पटना डेस्क) सीमांचल के बेरोजगार युवाओं के लिए पूर्णिया में आयोजित रोजगार मेला बड़ी सौगात साबित हुआ। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर आयोजित इस मेले में तीन हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने अभ्यर्थियों का चयन किया। सांसद पप्पू यादव ने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि से युवाओं और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा।रोजगार मेले में एप्पल, ब्लिंकिट, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और हुंडई समेत कई नामी कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं की योग्यता और कौशल के आधार पर उनका चयन किया।

मेले का मुख्य उद्देश्य पूर्णिया, सीमांचल और आसपास के जिलों के बेरोजगार युवाओं को एक ही मंच पर रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था।इस मौके पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि रोजगार सिर्फ नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति बदलने, आत्मसम्मान बढ़ाने और भविष्य सुरक्षित करने का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी दिलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें बेहतर वेतन, कौशल विकास, पदोन्नति और आगे बढ़ने के अवसर भी मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी युवा को 16 से 18 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता है और अधिकांश रकम किराया, भोजन तथा अन्य जरूरतों पर खर्च हो जाती है, तो परिवार की आर्थिक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाता।

इसलिए रोजगार के साथ सम्मानजनक वेतन और आर्थिक सुरक्षा भी जरूरी है।सांसद ने तकनीकी शिक्षा, आईटी, व्यावसायिक प्रशिक्षण और आधुनिक कौशल को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की जरूरत बताते हुए कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार और समाज दोनों सशक्त होंगे। उन्होंने गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग की क्रय शक्ति बढ़ाने को अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक बताया। गौरतलब है कि पूर्णिया में सांसद पप्पू यादव की पहल पर तीसरी बार रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इससे पहले भी दो रोजगार मेले लगाए जा चुके हैं। सांसद ने युवाओं से निरंतर सीखने, मेहनत करने और अपनी क्षमता पर भरोसा रखने की अपील की।












