बक्सर, 24 नवम्बर (विक्रांत) बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और निजीकरण के मुद्दे पर नौजवानों को गोलबंद करने की मुहिम तेज हो गई है। मंगलवार को डुमरांव नगर भवन में इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) का जिला स्तरीय कार्यकर्ता कन्वेंशन आयोजित हुआ। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे युवाओं ने व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंका। संगठन के विस्तार, युवाओं की समस्याओं और आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। कन्वेंशन में सर्वसम्मति से 27 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन भी किया गया। नई कमेटी में कॉमरेड वीरेन यादव को जिला सचिव और कॉमरेड रविशंकर राम को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं मो. नासिर हसन जिला मीडिया प्रभारी बनाए गए।

प्रखंड स्तर पर नावानगर सचिव रविरंजन सिंह यादव और अध्यक्ष रविशंकर मौर्य चुने गए। डुमरांव सचिव अरविंद कुमार तथा अध्यक्ष बाबूलाल राम बनाए गए। बक्सर संयोजक की जिम्मेदारी कृष्ण यादव और केसठ प्रखंड संयोजक की जिम्मेदारी विमल सिंह को सौंपी गई।कन्वेंशन को संबोधित करते हुए डुमरांव के पूर्व विधायक एवं RYA के राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड अजीत कुशवाहा ने कहा कि दुनिया में सबसे अधिक युवा आबादी वाले भारत में आज नौजवान रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। महंगाई, सरकारी नौकरियों में कमी, भर्ती परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक ने युवाओं के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों का निजीकरण स्थायी रोजगार के अवसरों को खत्म कर रहा है। युवाओं को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा। जिला सचिव कॉमरेड नवीन कुमार ने कहा कि निजीकरण से आरक्षण और सामाजिक न्याय की व्यवस्था कमजोर हो रही है। संविधान, लोकतंत्र, महिला अधिकारों और अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा के लिए नौजवानों को आगे आना होगा। कन्वेंशन में RYA के आठवें राष्ट्रीय सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया। 19 और 20 दिसंबर 2026 को बक्सर में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन का उद्घाटन 19 दिसंबर को शहीद अशफाक उल्ला खां, रामप्रसाद बिस्मिल और रोशन सिंह के शहादत दिवस पर होगा।

समापन पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने गांव-गांव और पंचायत-पंचायत तक संगठन का विस्तार करने तथा बेरोजगारी, शिक्षा और सामाजिक न्याय के सवालों पर आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।












