मुजफ्फरपुर, 24 नवम्बर (संतोष गुप्ता) जिले में पुलिस प्रशासन ने कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण को लेकर बड़ा फेरबदल किया है। पीयर थाना और कच्ची-पक्की ओपी की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पदस्थापन आदेश जारी करते हुए पीयर थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी विक्की कुमार को दी है, जबकि जिला आसूचना इकाई में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक नीरज कुमार सिंह को कच्ची-पक्की ओपी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। इस बदलाव को पुलिस व्यवस्था दुरुस्त करने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कार्यकुशलता, कार्यहित, लोकहित और रिक्त पदों के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। दरअसल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-02 की ओर से पीयर थानाध्यक्ष रहे पुलिस अवर निरीक्षक कुन्दन कुमार के खिलाफ कांडों के निष्पादन और लंबित मामलों के न्यूनीकरण को लेकर प्रतिवेदन सौंपा गया था।

इसके बाद विभाग ने उनसे स्पष्टीकरण की मांग की थी, लेकिन निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद उन्होंने अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया।इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने कुन्दन कुमार के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी। वहीं, कच्ची-पक्की ओपी के कामकाज और अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान ओपी अध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक कुमारी पुष्पा का कार्य निष्पादन भी संतोषजनक नहीं पाया गया।इन तथ्यों के आधार पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर के अनुमोदन के बाद कुन्दन कुमार और कुमारी पुष्पा को उनके वर्तमान पदस्थापन से मुक्त कर पुलिस केंद्र, मुजफ्फरपुर वापस बुला लिया गया। दोनों अधिकारियों के हटने से पीयर थाना और कच्ची-पक्की ओपी में पद रिक्त हो गए थे। इसके बाद एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से नई तैनाती की। विक्की कुमार को पीयर थाना और नीरज कुमार सिंह को कच्ची-पक्की ओपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस महकमे में हुए इस बदलाव के बाद दोनों क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था मजबूत होने, लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आने और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। अब नए अधिकारियों के सामने पुलिसिंग को बेहतर बनाने की चुनौती होगी।











