पटना, 24 नवंबर (पटना डेस्क) बिहार में मंगलवार की सुबह उस वक्त लोगों में हलचल मच गई, जब अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह ठीक 7 बजकर 2 मिनट पर राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों की धरती कुछ सेकंड के लिए कांप उठी। दरभंगा, मधुबनी, वैशाली, समस्तीपुर, सुपौल, किशनगंज, अररिया और पूर्णिया सहित कई इलाकों में लोगों ने भूकंप का कंपन महसूस किया। हालांकि झटके महज दो से तीन सेकंड तक ही रहे, लेकिन कुछ जगहों पर लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि अब तक राज्य के किसी भी हिस्से से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.3 मापी गई। इसका केंद्र पड़ोसी देश नेपाल के कोशी प्रांत में बताया गया है।

जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे भूकंप का केंद्र होने के कारण इसका असर आसपास के क्षेत्रों में महसूस किया गया। भूकंप के झटके इतने कम समय के लिए आए कि ठंड के कारण बिस्तरों में सो रहे कई लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। भूकंप वैज्ञानिकों के अनुसार इसका केंद्र 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई जमीन से लगभग 20 किलोमीटर नीचे आंकी गई है। भूकंप का केंद्र बिहार के मुजफ्फरपुर से करीब 315 किलोमीटर उत्तर-पूर्व दिशा में था। वहीं, भूटान की राजधानी थिम्पू से इसकी दूरी लगभग 175 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम और नेपाल की राजधानी काठमांडू से करीब 254 किलोमीटर पूर्व बताई गई है।

सुबह-सुबह धरती में कंपन महसूस होने के बाद कई इलाकों में लोग एक-दूसरे से इसकी जानकारी लेते दिखे। खासकर बहुमंजिली इमारतों में रहने वाले लोगों के बीच कुछ देर तक चर्चा होती रही। हालांकि कुछ ही देर में स्थिति सामान्य हो गई। फिलहाल बिहार में भूकंप से किसी तरह के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।











