सीतामढ़ी, 23 नवंबर (मोहम्मद कलीम) बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की कार्रवाई में बाजपट्टी के ब्लॉक प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के ठिकानों से चौंकाने वाली संपत्ति का खुलासा हुआ है। छापेमारी के दौरान उनके पैतृक आवास से 30 लाख रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने बरामद किए गए। इसके अलावा 12 बैंक खातों और आठ जीवन बीमा पॉलिसियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। शुरुआती आकलन में उनकी ज्ञात आय से करीब 1.25 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति होने का अनुमान है। ईओयू ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की सूचना पर गुरुवार को सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में उनसे जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। इनमें हरपुरवा गांव स्थित पैतृक आवास, निजी मकान, बाजपट्टी स्थित सरकारी कार्यालय और मुजफ्फरपुर के मकसूदपुर गांव का एक आवास शामिल है।

तलाशी के दौरान अधिकारियों को पैतृक घर के बेडरूम में बैगों में रखे 500 रुपये के नोटों के बंडल मिले। नकदी बिस्तर और फर्नीचर के कोनों में छिपाकर रखी गई थी। नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगाई गई, जिसके बाद कुल 30 लाख रुपये मिलने की पुष्टि हुई। वहीं, तीन बैंक खातों में महज 25,500 रुपये मिले। अन्य खातों और बीमा पॉलिसियों की जांच जारी है। ईओयू के डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आय से लगभग 259.94 प्रतिशत अधिक संपत्ति का पता चला है। जमीन खरीद के कई दस्तावेज भी मिले हैं। आलम के नाम तीन प्लॉट और उनकी पत्नी के नाम 65.25 डिसमिल जमीन होने की जानकारी सामने आई है।

जांच एजेंसी के अनुसार, मामला वर्ष 2022 में ब्लॉक प्रमुख का पद संभालने के बाद अर्जित संपत्ति से जुड़ा है। हालांकि, मोहम्मद अफजल आलम ने आरोपों से इनकार किया है। उनका दावा है कि बरामद नकदी उनके कारोबारी भाई की है और उन्हें राजनीतिक एवं व्यक्तिगत साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। ईओयू दस्तावेजों और संपत्ति के स्रोतों की जांच में जुटी है।












