बक्सर, 22 नवंबर (विक्रांत) अंचल कार्यालय में राजस्व संबंधी मामलों के निष्पादन की सुस्त रफ्तार पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार, 21 नवंबर को अपर समाहर्ता बक्सर अरुण कुमार सिंह ने डुमरांव अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न राजस्व कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान दाखिल-खारिज के 218 मामले और भूमि मापी के 70 मामले लंबित पाए गए। लंबित मामलों की संख्या सामने आने पर अपर समाहर्ता ने अंचल अधिकारी को सभी पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन कर शून्य लंबितता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान परिमार्जन, एलपीसी, भूमि मापी, भू-अतिक्रमण, अभियान बसेरा-2, बेदखली, राजस्व महा अभियान, दाखिल-खारिज, विभागीय भूमि पंजी, सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी और सहयोग पोर्टल सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। आंकड़ों के अनुसार दाखिल-खारिज के 35 दिनों से अधिक समय से 129 तथा 75 दिनों से अधिक समय से 89 मामले लंबित मिले। अपर समाहर्ता ने विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार इनका शीघ्र निष्पादन करने को कहा। साथ ही दाखिल-खारिज में आपत्ति के कारणों को संबंधित अभ्युक्ति कॉलम में स्पष्ट रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया।

परिमार्जन के मामलों में पारित कुछ आदेश अस्पष्ट पाए जाने पर उन्होंने स्पष्ट एवं तर्कसंगत स्पीकिंग ऑर्डर जारी करने को कहा, ताकि आवेदकों को आदेश और उसके आधार की पूरी जानकारी मिल सके। अभियान बसेरा-2 के तहत 15 अगस्त 2026 तक सभी सर्वेक्षित परिवारों को पर्चा वितरित किए जाने की जानकारी दी गई। शेष भूमि आवंटन के लिए विकास मित्र के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में जांच कराकर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।अपर समाहर्ता ने सरकारी भूमि, लैंड बैंक, अभिलेखों की स्कैनिंग, अभिलेखागार, राजस्व महा अभियान तथा न्यायालय से जुड़े मामलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय पहुंचे लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। कोपवां के सच्चिदानन्द सिंह, उड़ियानगंज की तेतरी देवी और गोपालडेरा की रीता देवी ने दाखिल-खारिज एवं भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतें रखीं। अपर समाहर्ता ने अंचल अधिकारी को इनके मामलों का नियमानुसार शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने 29 मई 2026 के पूर्व निरीक्षण में दिए गए निर्देशों की भी समीक्षा की और शेष अनुपालन पूरा कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा।














