पटना, 22 नवंबर (अविनाश कुमार) पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बख्तियारपुर के सबनीमा गांव के पास फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। मृतकों में तीन महिलाएं और एक युवक शामिल हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार, सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर आई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद कुछ लोग स्कॉर्पियो से वापस अपने घर लौट रहे थे।

रविवार सुबह करीब पांच बजे जगन्नाथ पेट्रोल पंप के समीप सबनीमा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखचे उड़ गए। वाहन में सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।मृतकों की पहचान धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणु कुमारी (20) के रूप में हुई है। पूनम दूल्हे की चचेरी बहन थी और सिकंदरा गांव की रहने वाली थी। उसकी मां के अनुसार, वह शादी समारोह में शामिल होने गई थी, लेकिन घर लौटने के दौरान काल ने उसे अपने आगोश में ले लिया।

वहीं, बाढ़ के अकबरपुर गांव निवासी धीरज कुमार परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मां ने बताया कि धीरज पेशेवर चालक नहीं था और पढ़ाई कर रहा था। हाल ही में उसने 30 हजार रुपये की किताबें मंगाई थीं। शादी में स्कॉर्पियो चलाने के लिए उसे ले जाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एएसआई अंजनी कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो में 10 से 12 लोग सवार थे। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है, जबकि अन्य का बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।













