बक्सर, 22 नवम्बर (विक्रांत) जिले में पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर व्यापक तैयारी के साथ मोर्चा संभाल लिया है। रविवार से पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान (एसएनआईडी चक्र नवंबर 2026) का शुभारंभ हो गया। 22 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक के कुल 2,63,772 बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की शुरुआत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, बक्सर में नवजात शिशु को पोलियो की खुराक पिलाकर की गई।

उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं सिविल सर्जन डॉ. शिव कुमार प्रसाद चक्रवर्ती ने संयुक्त रूप से नवजात को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का उद्घाटन किया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प लिया। प्रशासन का जोर है कि जिले का कोई भी पांच वर्ष तक का बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहे। अभियान के सुचारु संचालन के लिए जिले में कुल 760 टीमें गठित की गई हैं। इनमें 623 गृह भ्रमण टीमें, 112 ट्रांजिट टीमें और 13 मोबाइल टीमें शामिल हैं। गृह भ्रमण टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।

वहीं ट्रांजिट टीमें रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनात रहेंगी। मोबाइल टीमें ईंट-भट्ठों तथा घुमंतू आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को खुराक देंगी, ताकि किसी भी परिस्थिति में कोई बच्चा अभियान से छूटने न पाए।अभियान की निगरानी और पर्यवेक्षण के लिए 277 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। इस कार्य में आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी सेविका और स्वयंसेवकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमें निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान की गतिविधियों पर नजर रखेंगी।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं। अधिकारियों ने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए हर बच्चे को खुराक मिलना जरूरी है। दो बूंद जिंदगी की मुहिम में अभिभावकों की भागीदारी ही अभियान की सफलता सुनिश्चित करेगी।














