पटना, 21 नवंबर (पटना डेस्क) बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास और रोजगार को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने वैशाली जिले के 1200 एकड़ में फैले जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक पार्क और फूड पार्क स्थापित करने का ऐलान किया। इन दोनों औद्योगिक परियोजनाओं से करीब एक लाख लोगों को नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को बिहार में औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। समारोह में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में राजग को 202 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य वर्ष 2037 तक बिहार को समृद्ध और विकसित राज्य बनाना है।

नीतीश सेतु पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं लगाए जाने को लेकर विपक्ष के सवालों पर मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि आज पूरा सेतु ही नीतीशमय हो गया है। उन्होंने छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय और रेल मंत्रालय से मिले सहयोग के प्रति भी आभार जताया। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के सहयोग कार्यक्रम में अब तक 10.50 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। आम लोगों की शिकायतों का 30 दिनों में निपटारा नहीं करने वाले कर्मियों के विरुद्ध स्वतः निलंबन की कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में उच्च शिक्षा की व्यवस्था को इतना मजबूत बनाया जा रहा है कि यहां के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। करीब 34 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली 227 योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और शुभारंभ भी किया गया है।

वहीं, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 65 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए, लेकिन किसी ने नाम कटने की शिकायत नहीं की। उन्होंने दावा किया कि इनमें मृत, दोहरे नाम वाले और स्थायी रूप से बिहार छोड़ चुके मतदाता शामिल थे।समारोह में मुख्यमंत्री ने शाल, प्रतीक चिह्न और माला पहनाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।











