बक्सर, 20 नवंबर (विक्रांत) तकनीकी शिक्षा हासिल कर रोजगार और आत्मनिर्भरता की राह पर कदम बढ़ाने वाले युवाओं के लिए बक्सर में शनिवार को खास आयोजन होने जा रहा है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बक्सर एवं महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में 21 नवंबर को दीक्षांत समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। समारोह महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में अपराह्न दो बजे से आयोजित होगा। इसमें विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण पूरा कर चुके सफल प्रशिक्षणार्थियों को राष्ट्रीय व्यवसाय प्रमाण पत्र (एनटीसी) प्रदान किया जाएगा।इस समारोह में सत्र 2024-2026 एवं 2025-2026 के विभिन्न ट्रेडों के सफल प्रशिक्षणार्थी शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं की शैक्षणिक और तकनीकी उपलब्धियों को पहचान देना तथा उन्हें रोजगार, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित करना है।

प्रमाण पत्र प्राप्त करने के साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को अपने हुनर के दम पर व्यावसायिक दुनिया में नई पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।समारोह का विशेष आकर्षण विभिन्न व्यवसायों के प्रथम तीन मेधावी प्रशिक्षणार्थियों का सम्मान होगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन प्रतिभाशाली युवाओं को विशेष रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। इससे अन्य प्रशिक्षणार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने और अपने कौशल को निखारने की प्रेरणा मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान युवाओं को कौशल विकास की नई संभावनाओं, अप्रेंटिसशिप, रोजगार के विभिन्न अवसरों तथा उच्च शिक्षा के महत्व की जानकारी दी जाएगी। उन्हें प्रशिक्षण के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों से भी अवगत कराया जाएगा, ताकि वे अपने भविष्य की दिशा बेहतर तरीके से तय कर सकें।

समारोह में प्रथम वर्ष के प्रशिक्षणार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर आयोजन को यादगार बनाएंगे। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के प्राचार्य, उपप्राचार्य, प्रशिक्षक, कर्मचारी, प्रशिक्षणार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।दोनों संस्थानों ने सफल प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि वे अपने तकनीकी कौशल के बल पर रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।













