मधुबनी, 18 नवंबर (आशीष यादव) सात-आठ महीने की मेहनत, भव्य पंडाल और शिव महापुराण कथा के भव्य शुभारंभ की तैयारियां। श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल था, लेकिन मंगलवार की रात अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। बाइक सवार हेलमेट पहने दो बदमाशों ने हनुमान मंदिर के समीप तीन राउंड हवाई फायरिंग कर सनसनी फैला दी और मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। घटनास्थल से गोली का खोखा और बंदूक का मैगजीन बरामद हुआ है। घटना बेनीपट्टी थाना क्षेत्र की नगवास पंचायत के बरही गांव की है। यहां 18 से 24 नवंबर तक सात दिवसीय शिव महापुराण कथा का आयोजन होना है। वृंदावन से कथावाचिका राधिका जी भी पहुंच चुकी हैं। बुधवार से कथा वाचन शुरू होना था।

मंगलवार को कलश शोभायात्रा निकाली गई थी। मंदिर परिसर में भव्य पंडाल और सजावट का काम अंतिम चरण में था। इसी दौरान रात करीब नौ बजे बदमाशों ने गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर सवार दो युवक हेलमेट पहने मंदिर के पास पहुंचे और लगातार तीन राउंड हवाई फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनते ही पंडाल में मौजूद 10-15 लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके से खोखा और मैगजीन बरामद कर पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही करीब 20 मिनट के भीतर थानाध्यक्ष आनंद शंकर गौरव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों सामान जब्त कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। मंदिर के पुजारी सुमित शास्त्री ने घटना को धार्मिक आयोजन में विघ्न डालने की कोशिश बताया।

उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन की तैयारी महीनों से चल रही थी। किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। उन्होंने कथा के दौरान पर्याप्त पुलिस सुरक्षा की मांग की। इधर, ग्रामीणों ने भी धार्मिक आयोजन के दौरान गोलीबारी को शर्मनाक और निंदनीय बताया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कथा शुरू होने से ठीक पहले फायरिंग के पीछे बदमाशों की मंशा क्या थी? क्या श्रद्धालुओं में दहशत फैलाना उनका मकसद था? फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आयोजकों ने सातों दिन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।













