बक्सर, 12 नवंबर (विक्रांत) छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर बुधवार, 11 नवंबर को जिलाधिकारी साहिला ने डुमरांव अनुमंडल के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठिया पोखरा, डुमरांव रेलवे स्टेशन और बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर सहित कई घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरी कर ली जाएं।डीएम ने विशेष रूप से खतरनाक और गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। ऐसे स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने के साथ लाल झंडे लगाने को कहा, ताकि श्रद्धालु अनजाने में जोखिम वाले क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करें।

घाटों पर पर्याप्त रोशनी, नियमित साफ-सफाई और सुरक्षा की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने को कहा, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर पूरी तत्परता से काम करें।

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, विशेष कार्य पदाधिकारी तथा नगर परिषद डुमरांव एवं नगर पंचायत ब्रह्मपुर के कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने की कवायद तेज कर दी है।














