पटना, 05 नवंबर (पटना डेस्क) रोहतास जिले में घर लौट रहे 28 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव और उसकी बाइक को मझौली गेट के समीप चाट में फेंक दिया। गुरुवार को घटना की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 319 के आरा-मोहनिया पथ को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के अमइसी डिहरा गांव निवासी स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के पुत्र बच्चा यादव के रूप में हुई है।

वह कोचस में गाड़ियों की एजेंटी का काम करते थे। जानकारी के अनुसार, बुधवार को बच्चा यादव बाइक से कोचस से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मझौली गेट के पास अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। हत्या के बाद अपराधियों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव और बाइक को चाट में फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।युवक की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल कायम हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा करने की मांग को लेकर आरा-मोहनिया पथ पर आवागमन ठप कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाने का प्रयास कर रही है।फिलहाल हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।














