बक्सर, 05 नवंबर (विक्रांत) दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार, 04 नवंबर 2026 को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। इसकी संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने की।बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, खाद्य सामग्रियों की जांच, यातायात प्रबंधन, छठ घाटों की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और नागरिकों की सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा हुई।

शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन के समक्ष महत्वपूर्ण सुझाव रखे।जिला पदाधिकारी साहिला ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने छठ घाटों पर सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, पहुंच पथ और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। खतरनाक एवं गहरे जल वाले घाटों को चिह्नित कर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश भी दिया गया। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पर भी जोर दिया गया।सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक खबरों की निगरानी करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई। जिला पदाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों से अपने क्षेत्रों में भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

किसी भी अफवाह या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने को कहा गया। प्रशासन ने आम नागरिकों से दीपावली और छठ शांतिपूर्ण ढंग से मनाने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।













