समस्तीपुर, 003 नवंबर (हर्षिता “अश्क”) शहर में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध एक व्यक्ति ने अब निजी बल के इस्तेमाल की अनुमति मांगी है। मामला समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 स्थित मगरदही चौक का है, जहां श्रीराम कॉम्प्लेक्स के सामने कथित रूप से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया गया है। इस संबंध में सदर एसडीओ को मांग पत्र सौंपकर अतिक्रमण हटाने की अनुमति देने की गुहार लगाई गई है।आवेदक का आरोप है कि अतिक्रमण की समस्या को लेकर पिछले करीब तीन वर्षों से जिलाधिकारी से लेकर अंचल स्तर तक लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उनका कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर केवल कागजी प्रक्रिया चलती रही और कभी अनुमंडल न्यायालय तो कभी लोक शिकायत निवारण कार्यालय में मामले को लेकर आश्वासन देकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जाता रहा।आवेदक ने कहा कि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। प्रशासनिक व्यवस्था से निराश होकर उन्होंने अब खुद मामले का निपटारा करने के लिए निजी बल के प्रयोग की अनुमति मांगी है। इस मांग पत्र की प्रतिलिपि बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, समस्तीपुर के जिलाधिकारी और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को भी भेजी गई है। मगरदही चौक जैसे व्यस्त इलाके में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला लंबे समय से विवाद का विषय बना हुआ है।

आवेदक ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अतिक्रमण हटाने और सरकारी भूमि को मुक्त कराने की मांग की है। हालांकि, निजी बल के इस्तेमाल की अनुमति मिलने या प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब देखना होगा कि तीन वर्षों से लंबित इस मामले में प्रशासन कब तक ठोस कदम उठाता है।














