पटना, 30 अक्टूबर (अविनाश कुमार) फतुहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर एक हंसते-खेलते परिवार पर टूट पड़ा। धोवा पुल के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में मातम पसर गया।मृतकों की पहचान नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के राणा बीघा गांव निवासी 55 वर्षीय अरविंद कुमार और उनके 30 वर्षीय इकलौते पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अरविंद कुमार अपने बेटे सोनू का इलाज कराने बाइक से पटना आए थे।

डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद दोनों पिता-पुत्र बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान फतुहा थाना क्षेत्र के धोवा पुल के समीप मौत बनकर दौड़ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्र को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया।इस हादसे ने परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दी। सोनू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जिस बेटे के इलाज के लिए पिता उसे लेकर पटना आए थे, उसी के साथ उनकी भी जिंदगी का सफर सड़क पर थम गया।

घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। सूचना मिलते ही फतुहा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार ट्रक और चालक की पहचान के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चालक की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।













