समस्तीपुर, 30 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क”) जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव में शुक्रवार की अलसुबह खेत से एक युवती का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह स्थानीय लोगों की नजर खेत में पड़े युवती के शव पर पड़ी। शव अर्धनग्न अवस्था में था। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद देर तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी। शव की स्थिति को देखते हुए युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर युवती की पहचान कराने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती कहां की रहने वाली थी और वह मूसेपुर गांव के खेत तक कैसे पहुंची।

हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए भी जांच जारी है।इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है।













