बेगूसराय, 28 अक्टूबर (धरम कुमार) फुलवरिया बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का बेगूसराय पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड में छापेमारी कर लूटकांड में शामिल आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें वारदात का मास्टरमाइंड फुलवरिया निवासी मोहम्मद राजा भी शामिल है, जिसे बंगाल से दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से लूटे गए जेवरात में करीब डेढ़ किलो चांदी, दो हथियार, 13 कारतूस और बाइक समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। हालांकि, लूटे गए सोने के जेवरात और अन्य सामान का बड़ा हिस्सा अब भी बरामद नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बीते 16 अक्टूबर को फुलवरिया थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाजार स्थित मां पार्वती ज्वेलर्स में दो बाइक पर सवार छह हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया था। बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई और दुकान से करीब 170 ग्राम सोने के जेवरात, दो किलो चांदी के आभूषण तथा एक लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के सहारे जांच तेज की। एसपी मनीष ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले के उद्भेदन के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।

लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने अंशुमन कुमार, मोहम्मद अब्दुल रहमान, माधव कुमार, राज्यवर्धन, कन्हैया कुमार और राम उपकार सिंह समेत आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।पुलिस ने लखीसराय जिले के रामचंद्रपुर गाछी से करीब डेढ़ किलो चांदी की पायल, 443 पीस मोती की माला, एक पिस्तौल, एक पिस्टल और 13 कारतूस बरामद किए। घटना के समय बदमाशों द्वारा पहने गए कपड़े और चप्पल भी बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि लूट के बाद बदमाशों ने बेगूसराय के खम्हार गांव में बाइक और सोने के कुछ जेवरात के डिब्बे छिपाए थे। इसके बाद वे गंगा नदी के रास्ते लखीसराय पहुंचे और वहां हथियार तथा चांदी के आभूषण छिपा दिए। सोने के जेवरात लेकर कुछ बदमाश अलग-अलग स्थानों पर चले गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में कई का आपराधिक इतिहास रहा है। राजा कुमार पर 11, माधव कुमार पर 15 और राज्यवर्धन पर चार आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। लूटे गए शेष जेवरात की बरामदगी और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।













