समस्तीपुर, 27 अक्टूबर (मोहम्मद जमशेद) सिंघिया घाट स्थित पंजाब नेशनल बैंक की बेलसंडी तारा शाखा में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ हुआ। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान की इस वर्ष की थीम सत्यनिष्ठा से समृद्धि रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के साथ कार्यस्थल पर ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही की संस्कृति को मजबूत करना है। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक राकेश कुमार सिंह ने बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई। प्रतिज्ञा में सभी ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी और कानून के नियमों का पालन करने, न रिश्वत लेने और न देने तथा प्रत्येक कार्य पारदर्शी तरीके से करने का संकल्प लिया।

साथ ही जनहित में कार्य करने और अपने निजी आचरण से ईमानदारी की मिसाल पेश करने की शपथ ली गई। कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार की किसी भी घटना की जानकारी उचित एजेंसी को देने का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए केवल सरकारी संस्थानों की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और कर्मचारी की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। ईमानदारी और पारदर्शिता को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाकर ही समाज और देश की प्रगति को गति दी जा सकती है।

कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक राकेश कुमार सिंह के अलावा अंजना निषाद, अमित कुमार, जगन्नाथ पासवान, दिलीप मंडल, सौरभ कुमार, सनातन कुमार सिंह, रवि नयन, कुंदन कुमार एवं संतोष कुमार मौजूद रहे।













