बक्सर, 16 अक्टूबर (विक्रांत) आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को बक्सर में प्रशासन और पुलिस ने अपनी ताकत का एहसास कराया। जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में शहर की प्रमुख सड़कों पर संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रशासन ने असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देते हुए आम लोगों से निर्भीक होकर पर्व मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च ज्योति चौक से शुरू होकर खलासी मुहल्ला, सराय फाटक, हनुमान फाटक, यमुना चौक, ठठेरी बाजार, सत्यदेवगंज होते हुए पुलिस थाना तक पहुंचा। मार्च के दौरान अधिकारियों एवं पुलिस बल ने संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया तथा लोगों को शांति और भाईचारे के साथ दशहरा मनाने का संदेश दिया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा भ्रामक सूचना की तत्काल पुलिस या प्रशासन को जानकारी देने की अपील की। फ्लैग मार्च के बाद किला मैदान में तैयारियों का निरीक्षण किया गया, जहां दशहरा के अवसर पर रावण वध कार्यक्रम होना है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक निर्देश दिए।

नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी को किला मैदान एवं आसपास पर्याप्त साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को किला मैदान में मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














