पटना, 05 मई (पटना डेस्क) भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार Pawan Singh की निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में है। पत्नी Jyoti Singh के साथ उनका तलाक मामला लगातार उलझता जा रहा है। मंगलवार को आरा कोर्ट में हुई सुनवाई में एक बार फिर कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका, क्योंकि दोनों ही पक्ष कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए। नतीजतन, अदालत ने अगली तारीख दे दी, जिससे मामला और लंबा खिंच गया है। इस हाई-प्रोफाइल केस में नया मोड़ तब आया जब ज्योति सिंह के वकील विष्णुधर पांडे ने 12 करोड़ रुपये की एलिमनी की मांग का खुलासा कर दिया। इससे पहले 10 करोड़ की मांग की चर्चा थी, जिसे ज्योति ने सार्वजनिक रूप से खारिज किया था। लेकिन वकील के इस बयान ने पूरे मामले को फिर से गरमा दिया है।

वकील के अनुसार, पवन सिंह ने खुद तलाक की अर्जी दाखिल की है और वह शादी खत्म करना चाहते हैं। वहीं दूसरी ओर, ज्योति सिंह तलाक के पक्ष में नहीं हैं। उनका कहना है कि सात साल पुराने रिश्ते को इस तरह खत्म करना उचित नहीं है। वकील ने दावा किया कि 12 करोड़ रुपये की मांग के बाद ही तलाक पर सहमति बन सकती है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पवन सिंह ने अब तक पूर्व में तय किए गए मेंटेनेंस (भरण-पोषण) की राशि भी पूरी तरह नहीं चुकाई है। ऐसे में यह मामला और जटिल होता जा रहा है। वकील ने यहां तक कह दिया कि पवन सिंह जैसे बड़े कलाकार के लिए यह रकम देना मुश्किल नहीं होना चाहिए। इधर, कोर्ट में दोनों की अनुपस्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

वकील ने साफ कहा कि अगर इसी तरह दोनों पक्ष पेश नहीं होते रहे, तो मामला यूं ही तारीख दर तारीख चलता रहेगा, यहां तक कि कोर्ट इसे खारिज भी कर सकता है।गौरतलब है कि पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी 2019 में हुई थी। यह पवन सिंह की दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी नीलम सिंह ने शादी के कुछ ही महीनों बाद आत्महत्या कर ली थी, जिससे उनकी निजी जिंदगी पहले भी विवादों में रही है।अब इस मामले में अगली तारीख पर सबकी नजरें टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि यह रिश्ता बचेगा या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा।

















