सीतामढ़ी, 13 सितम्बर (मोहम्मद कलीम) सीतामढ़ी में शनिवार सुबह अपराधियों ने बेखौफ होकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

बताया गया कि बैद्यनाथ महतो शनिवार सुबह अपने घर से रोज की तरह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया। अपराधियों ने अचानक उन पर कई गोलियां दाग दी। गोली लगते ही बैद्यनाथ महतो गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

















