पटना, 15 जून (पटना डेस्क) सुपौल जिले के बीरपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार तीन सशस्त्र अपराधियों ने एक युवक को नाश्ते की दुकान पर घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, बीरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित एक नाश्ते की दुकान पर 32 वर्षीय मिथिलेश कुमार मंडल बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

कई गोलियां लगने से मिथिलेश कुमार मंडल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई और बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मृतक बनैलीपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या-3 का निवासी बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आर्थिक लेन-देन का विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक का गांव के ही अर्जुन मंडल के साथ लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी अर्जुन मंडल की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी और घटना में शामिल अन्य अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच में जुटी है।

















