नई दिल्ली, 23 अप्रैल (अशोक “अश्क”) डिजिटल दुनिया में बड़ा बदलाव करते हुए WhatsApp ने भारत में यूजर्स के लिए एक नया और बेहद काम का फीचर शुरू कर दिया है। अब यूजर्स चैटिंग के साथ-साथ सीधे ऐप के अंदर ही मोबाइल रिचार्ज भी कर सकेंगे। इस सुविधा के लिए कंपनी ने PayU के साथ साझेदारी की है, जिससे पेमेंट प्रोसेस और भी आसान और तेज हो गया है। कंपनी के अनुसार, यह नया फीचर आने वाले कुछ हफ्तों में सभी एंड्रॉयड और आईफोन यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएगा।

गौरतलब है कि WhatsApp पहले से ही बिल भुगतान और कुछ शहरों में मेट्रो टिकट बुकिंग जैसी सुविधाएं दे रहा है, और अब रिचार्ज जोड़ने से यह प्लेटफॉर्म और भी ज्यादा उपयोगी बन गया है। इस फीचर के तहत भारती एयरटेल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया के प्रीपेड यूजर्स अपने पसंदीदा प्लान का चुनाव कर आसानी से रिचार्ज कर सकेंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि अब यूजर्स को Paytm या PhonePe जैसे दूसरे ऐप्स पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस नई सुविधा के साथ ऐप के इंटरफेस में भी छोटा लेकिन अहम बदलाव किया गया है।

अब होम स्क्रीन पर कैमरा आइकन के बगल में ₹ (रुपये) का नया आइकन दिखाई देगा। इस पर टैप करते ही यूजर सीधे पेमेंट सेक्शन में पहुंच जाएगा, जहां से रिचार्ज, UPI पेमेंट और अन्य सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।रिचार्ज की प्रक्रिया बेहद आसान और सुरक्षित है। यूजर को बस ₹ आइकन पर टैप कर मोबाइल नंबर दर्ज करना है, ऑपरेटर चुनना है और मनपसंद प्लान सेलेक्ट कर UPI, डेबिट या क्रेडिट कार्ड के जरिए पेमेंट करना है।

सफल ट्रांजैक्शन के बाद स्क्रीन पर तुरंत कंफर्मेशन मैसेज भी मिल जाएगा। कुल मिलाकर, यह नया फीचर WhatsApp को एक ‘सुपर ऐप’ की दिशा में बड़ा कदम बनाता है, जिससे यूजर्स का डिजिटल अनुभव और भी आसान होने वाला है।















